बंगाल के दार्जिलिंग में लैंडस्लाइड: आपदा में मरने वालों की संख्या 29 हुई, राहत कार्य तेज
उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग और डुवार्स में भारी बारिश और भूस्खलन से 29 लोगों की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने राहत कार्यों का जायजा लिया। मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिया गया है और नौकरी का वादा किया गया है। बाढ़ से जंगल में जानवरों की भी मौत हुई है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य जारी है।
सिलीगुड़ी। उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग और डुवार्स में रविवार को भारी बारिश और भूस्खलन में मरने वालों की संख्या 29 हो गई है। नागराकाटा में और चार शव बरामद किए गए, जहां रविवार को एक पूरा गांव तेज बहाव की चपेट में आ गया था।
मौसम में सुधार होने से राहत कार्य कार्य में तेजी आई है। इस बीच सोमवार को राज्यपाल सीवी आनंद बोस, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लेने सिलीगुड़ी पहुंचे।
सिलीगुड़ी-दार्जिलिंग मार्ग पर यातायात शुरू
दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी जिलों में 12 घंटों में 300 मिमी से अधिक बारिश ने तबाही मचाई थी। इस दौरान पहाड़ी ढलानों के धंसने और नदियों के उफान से सैकड़ों लोग बेघर हुए और कई पर्यटक फंस गए थे। दार्जिलिंग को जोड़ने वाली सड़कें ठीक की जा रहीं हैं। कुछ पर्यटकों को सिलीगुड़ी पहुंचाया गया है।

Comments
Post a Comment